बाराबंकी में ‘जिंदा समाधि’ की जिद से तनाव, मठ में हाई वोल्टेज ड्रामा; प्रशासन मनाने में जुटा
बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र के भवनियापुर स्थित श्रीराम जानकी मठ में मंगलवार को उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब महंत मुकुंदपुरी अपनी जिंदा समाधि की घोषणा पर अड़ गए। पूरे मठ परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मठ की जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने इस पूरे घटनाक्रम को जन्म दिया। महंत का आरोप है कि एक व्यक्ति ने फर्जी और अपंजीकृत वसीयत के आधार पर मठ की करोड़ों की संपत्ति अपने नाम दर्ज करा ली। इस मामले में तहसील प्रशासन ने 24 अगस्त 2023 को वसीयत निरस्त कर मूल खातेदार के नाम संपत्ति दर्ज करने का आदेश भी दिया था और 45 दिनों में समाधान का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक मामला जमीन पर हल नहीं हो सका।
प्रशासनिक देरी से नाराज महंत ने पहले ही अल्टीमेटम दे दिया था कि 20 अप्रैल तक कार्रवाई नहीं होने पर 21 अप्रैल को वह जिंदा समाधि लेंगे। तय तारीख आने पर वे अपने फैसले पर अड़े रहे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मठ परिसर में जुट गए।
मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति संभालने में जुटे हैं। एसडीएम और सीओ महंत से बातचीत कर उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)