फरीदाबाद टेरर केस : एके-47 के साथ लखनऊ की महिला डॉक्टर गिरफ्तार, तीन राज्यों में फैला आतंकी नेटवर्क बेनकाब
श्रीनगर (आरएनआई) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए लखनऊ की एक महिला डॉक्टर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मॉड्यूल का नेटवर्क जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। पुलिस ने इस कार्रवाई में 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और एक एके-47 राइफल बरामद की है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार की गई महिला डॉक्टर की पहचान डॉ. शाहीन के रूप में हुई है। उनकी कार से एके-47 राइफल बरामद होने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर श्रीनगर लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल में कुल आठ लोग शामिल थे, जिनमें तीन डॉक्टर भी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में कश्मीर के डॉ. मुजम्मिल गनई को फरीदाबाद से पकड़ा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह पूरा नेटवर्क जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद जैसे आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ था।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मॉड्यूल “व्हाइट कॉलर टेरर नेटवर्क” के रूप में काम कर रहा था — यानी ऐसे शिक्षित पेशेवरों का समूह, जो आतंकी संगठनों को आर्थिक, तकनीकी और रसद सहायता प्रदान कर रहा था।
इस मामले में जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने भी संयुक्त कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि जांच में कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनसे यह संकेत मिला है कि आरोपी लोग सोशल मीडिया और एनक्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से संपर्क में थे।
फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तारियां कब और कहां की गईं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कई जिलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन और इसके फंडिंग सोर्स की भी जांच कर रही हैं।
इस बड़ी कार्रवाई से सुरक्षा एजेंसियों को उन आतंकी मॉड्यूल्स पर लगाम लगाने में सफलता मिली है, जो शिक्षित और प्रोफेशनल वर्ग के माध्यम से आतंकी संगठनों को मजबूत करने की कोशिश में थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



