पंजाब-चंडीगढ़ में हीट वेव का अलर्ट, बठिंडा का तापमान 42.6 डिग्री
जून के दूसरे सप्ताह मौसम के तेवर भी तीखे होने वाले हैं। मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं मानसून को लेकर भी नया अपडेट आया है।

पटियाला/चंडीगढ़ (आरएनआई) जून का पहला सप्ताह बीत चुका है। पहले हफ्ते लोगों को गर्मी के राहत रही है। लेकिन अब आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। पंजाब सहित राजधानी चंडीगढ़ में गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान विभाग ने 9 से 11 जून तक के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने पंजाब में सोमवार से तीन दिनों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने अगले पांच दिनों में पांच से छह डिग्री तक तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है। पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म रहा है। शनिवार को बठिंडा का अधिकतम तापमान 42 डिग्री से भी ऊपर दर्ज किया गया है।
चंडीगढ़ में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, जून के महीने में अभी तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था। इससे लोग मौसम का आनंद ले रहे थे, लेकिन अब बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद, कई लोगों ने गर्मी से बचने के लिए घर पर ही रहना पसंद किया।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री, लुधियाना का 40.0 डिग्री, पटियाला का 40.0 डिग्री, पठानकोट का 40.5 डिग्री, बठिंडा का 42.6 डिग्री, फाजिल्का का 40.8 डिग्री, जालंधर का 39.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 27.4 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम पारा 27.0 डिग्री, पटियाला का 26.0 डिग्री, पठानकोट का 26.4 डिग्री, बठिंडा का 25.6 डिग्री, फरीदकोट का 27.3 डिग्री, फिरोजपुर का 27.0, जालंधर का 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यह पहली बार है जब जून के महीने में चंडीगढ़ में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर हैं।
मानसून के आगमन को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून महाराष्ट्र तक पहुंच गया है, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसकी गति थम गई है। पंजाब समेत चंडीगढ़ में मानसून जल्द भी आ सकता है। यह भी संभव है कि यह 30 जून तक अपने निर्धारित समय पर आए। मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि अगले कुछ दिनों में ही मानसून की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






