न्यायालय गुना एडीजे ने उद्योगपति गौतम अडानी और कलेक्टर गुना को किये नोटिस जारी

गुना (आरएनआई) समाजसेवी विट्ठल अहिरवार एवं पत्रकार सूर्य प्रकाश यादव ने उद्योगपति गौतम अडानी के खिलाफ गुना न्यायालय में कड़ी कानूनी चुनौती पेश करते हुए पिटिशन नंबर 2/26 दायर की है। यह मामला अब जनस्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक जवाबदेही का गंभीर मुद्दा बन गया है।
याचिका में उल्लेख किया गया है कि गुना जिले के ग्राम मावन, तहसील गुना नगर में भूमि सर्वे नंबर 679/1/6/2 (रकवा 37.7 हेक्टेयर) एवं 679/1/6/1 (रकवा 32 हेक्टेयर) पर प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है, जो क्षेत्र के पर्यावरण संतुलन के लिए सीधा खतरा साबित हो सकता है।
याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री के संचालन से गुना शहर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है, जिससे आम नागरिकों को गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा मावन से सटे कई गांवों में कृषि व्यवस्था पर भी विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा, जिससे फसलें चौपट होने और जनहानि तक की आशंका व्यक्त की गई है।
इस महत्वपूर्ण जनहित मामले में याचिकाकर्ताओं ने अपने अधिवक्ताओं शैलेंद्र सिंह यादव, भगवान लाल कुशवाहा, अनिकेत यादव एवं लक्ष्मी धाकड़ के माध्यम से न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माननीय अतिरिक्त जिला न्यायालय, गुना ने गौतम अडानी को समन जारी कर जवाब तलब किया है। यह दर्शाता है कि न्यायालय ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीर मानते हुए सुनवाई के योग्य पाया है।
यह मुद्दा अब केवल एक औद्योगिक परियोजना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह गुना जिले के हजारों नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा एक बड़ा जनआंदोलन बनने की ओर अग्रसर है।
यहां बता दे कि 16 मार्च 2026 को आदेश हुआ है जिसमें 14 अप्रैल 2026 को उपस्थित होना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)