दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज: भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, 80 किमी प्रतिघंटा तक चल सकती हैं हवाएं
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 21 जून के लिए दिल्ली में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
आईएमडी ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और यातायात व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)