डीजीपी समेत 13 अधिकारियों पर FIR, एडीजीपी वाई पूरण कुमार सुसाइड केस में चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चंडीगढ़ (आरएनआई): आईपीएस अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर समेत 13 अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह केस अधिकारी के सुसाइड नोट के आधार पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने दर्ज किया है।
सूत्रों के मुताबिक, सुसाइड नोट में डीजीपी शत्रुजीत कपूर, रोहतक के एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इसी के आधार पर पुलिस ने इन सभी पर बीएनएस की धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) और एससी/एसटी (पीओए) अधिनियम की धारा 3(1)(आर) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
आईएएस पत्नी ने की थी कार्रवाई की मांग
इससे पहले हरियाणा के सीएम नायब सैनी गुरुवार को दिवंगत अधिकारी की पत्नी आईएएस अमनीत पी. कुमार से मिलने उनके सेक्टर-24 स्थित आवास पहुंचे थे।
सीएम करीब 45 मिनट तक परिवार के साथ रहे और शोक संवेदना जताई।
आईएएस अमनीत पी. कुमार ने स्पष्ट कहा था कि —
“जब तक मेरे पति के सुसाइड नोट में नामित अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं होता, तब तक मैं पोस्टमार्टम नहीं करवाऊंगी।”
सीएम के साथ इस दौरान वरिष्ठ आईएएस राजेश खुल्लर भी मौजूद थे।
सुसाइड नोट में गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट अधिकारी की जेब से बरामद हुआ, जबकि उनका लैपटॉप घर से गायब मिला। नोट में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न और भेदभाव के आरोप लगाए गए हैं।
फॉरेंसिक और सीएफएसएल टीम ने घटनास्थल की पूरी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की है।
सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग, तारीख और कंटेंट की सत्यता की जांच जारी है।
अक्सर उठाते थे सिस्टम पर सवाल
आईपीएस वाई पूरण कुमार (2001 बैच) हरियाणा पुलिस में एडीजीपी रैंक पर तैनात थे।
उन्होंने अपने करियर के दौरान कई बार सरकार, विभाग और सिस्टम की नीतियों पर सवाल उठाए थे।
पदोन्नति, पोस्टिंग और भेदभाव से जुड़े मामलों पर उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव और चुनाव आयोग को पत्र भी लिखे थे।
माना जा रहा है कि जांच के दौरान उनके पुराने विवाद और शिकायतें भी खंगाली जाएंगी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि “मामले की जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जल्द ही सभी पहलुओं पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।”
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



