चीन की जेल में पांच महीने से बंद मर्चेंट नेवी अफसर, मां ने बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए लगाई गुहार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले 25 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी यश सिंह पिछले पांच महीनों से चीन के शंघाई स्थित जियांग्सू डिटेंशन सेंटर में बंद हैं। इस बीच परिवार का उनसे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पाया है। बेटे की कोई जानकारी न मिलने से परेशान मां सीमा सिंह ने अब जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
सीमा सिंह ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र को ज्ञापन सौंपकर बेटे की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित कराने और कम से कम एक बार उससे बात कराने की मांग की है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें यह तक नहीं पता कि उनका बेटा किस हाल में है और वह सुरक्षित भी है या नहीं। पिछले पांच महीनों से न तो बेटे की आवाज सुनने को मिली है और न ही कोई तस्वीर या वीडियो कॉल हो सकी है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस मामले की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, विदेश मंत्रालय, भारतीय काउंसलेट, डीजी शिपिंग समेत कई संबंधित सरकारी संस्थानों को दी जा चुकी है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी से भी हस्तक्षेप की अपील की गई है।
परिवार का आरोप है कि लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक बेटे की रिहाई या उसकी वर्तमान स्थिति को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। ऐसे में परिजन सरकार और संबंधित अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर यश सिंह की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)