सपा का 2027 मिशन तेज, टिकट दावेदारों की होगी 'पीडीए टेस्ट' पर परीक्षा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और संभावित प्रत्याशियों का आकलन शुरू कर दिया है। पार्टी के लिए इस बार टिकट वितरण में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग में मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती है। ऐसे में पीडीए चौपाल, सम्मेलन और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सक्रियता को टिकट की अहम कसौटी माना जा रहा है।
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंचेंगे। इस दौरान वह विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, बूथ प्रबंधन और संगठन की मजबूती की समीक्षा करेंगे। साथ ही वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के संभावित दावेदारों की स्थिति और जनाधार का भी आकलन करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार आगरा की नौ विधानसभा सीटों पर टिकट के लिए करीब 40 से अधिक दावेदार मैदान में हैं। इनमें छावनी, ग्रामीण, फतेहाबाद, बाह और एत्मादपुर जैसी सीटों पर सबसे अधिक दावेदारी देखने को मिल रही है। प्रदेश अध्यक्ष का दौरा इन दावेदारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी दौरान उनकी संगठनात्मक सक्रियता और जनता के बीच पकड़ का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
छीपीटोला स्थित डॉ. आंबेडकर सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और जीत का मंत्र देंगे। वहीं, पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए पीडीए समीकरण के सहारे 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी की रणनीति को धार देना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)