ग्वालियर में 11वीं की छात्रा की मौत: कम अंकों से तनाव की आशंका, जांच जारी
ग्वालियर(आरएनआई)मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। यह घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरा इलाके की है। मृतका ट्विंकल अहिरवार 11वीं कक्षा की छात्रा थी और उसके पिता आईटीबीपी में जवान हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह छात्रा ने अपने घर के कमरे में पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के समय वह अपनी मां के साथ घर पर ही थी। गोली चलने की आवाज सुनकर मां मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां छात्रा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है— “मैं आपकी आशाओं पर खरी नहीं उतर सकी।” प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में आए परीक्षा परिणाम में कम अंक आने से छात्रा तनाव में थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)