गुजरात के 29 श्रद्धालुओं को लेकर कुंजापुरी दर्शन के लिए जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत
टिहरी (आरएनआई) उत्तराखंड के टिहरी जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात से श्रद्धालुओं को लेकर कुंजापुरी मंदिर के दर्शनों के लिए जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई, जिसमें पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बस में कुल 29 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना नरेंद्रनगर–कुंजापुरी मार्ग पर हिंडोलाखाल के पास हुई, जहां बस करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं।
एसडीआरएफ ने पोस्ट ढालवाला, पोस्ट कोटि कॉलोनी और वाहिनी मुख्यालय से कुल पांच टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि चार को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है। वहीं, 17 लोग सामान्य हालत में बताए गए हैं।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



