ओडिशा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई पुलिस गाड़ी; पांच जवान शहीद
भुवनेश्वर (आरएनआई) ओडिशा के झारसुगुडा जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुलिस की एसयूवी को जोरदार टक्कर मार दी।
झारसुगुडा के पुलिस अधीक्षक गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने बताया कि दुर्घटना रविवार सुबह करीब चार बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन में सवार आठ जवानों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी पुलिसकर्मी एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। राज्य सरकार और पुलिस विभाग की ओर से मृतक जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है और उनके परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया गया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)