आरोन के ग्राम बरखेड़ा हाट मंडल में हिंदू सम्मेलन के निमित्त भव्य भूमि पूजन, कलश यात्रा एवं ध्वज स्थापना संपन्न

Dec 22, 2025 - 22:32
Dec 22, 2025 - 22:40
 0  594
आरोन के ग्राम बरखेड़ा हाट मंडल में हिंदू सम्मेलन के निमित्त भव्य भूमि पूजन, कलश यात्रा एवं ध्वज स्थापना संपन्न

आरोन (आरएनआई) आरोन क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा हाट मंडल में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन के निमित्त आज भव्य रूप से भूमि पूजन, कलश यात्रा एवं ध्वज स्थापना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामवासी, मातृशक्ति, युवा एवं वरिष्ठ जन उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर स्थित भोलेनाथ जी के स्थान से विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। भूमि पूजन, ध्वज पूजन एवं कलश पूजन का शुभ कार्य विद्या भारती के प्रदेश सचिव श्री शिरोमणि दुबे जी की उपस्थित मे संपन्न हुआ। इसके पश्चात भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया।

कलश यात्रा में सभी ग्रामों से पधारे सम्माननीय बंधुओं एवं मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर, ढोल-नगाड़ों, भगवा ध्वजों एवं राम नाम संकीर्तन के साथ मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए गढ़ी मंदिर तक यात्रा निकाली। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” जैसे जयघोषों से वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना रहा।

गढ़ी मंदिर परिसर में पहुंचकर श्री शिरोमणि जी दुबे द्वारा विधिवत ध्वज स्थापना की गई। इसके पश्चात भारत माता की आरती एवं कन्या पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर आगामी हिंदू सम्मेलन की सफलता के लिए मंडल के सभी ग्रामों को पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम में कलश यात्रा निकालकर अक्षत वितरण के माध्यम से घर-घर जाकर हिंदू सम्मेलन में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में यह भी जानकारी दी गई कि दिनांक 28 दिसंबर 2025 को एक भव्य वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा, जो गढ़ी मंदिर से प्रारंभ होकर मंडल के सभी ग्रामों तक जाएगी। रैली के दौरान प्रत्येक स्थान पर भारत माता की आरती कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत किया जाएगा।

कार्यक्रम में मंडल के सभी ग्रामों के कार्यकर्ता, संत-महात्मा, समाजसेवी, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में हिंदू समाज के बंधु उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0