आगरा हत्याकांड का अंत: बच्ची के कातिल को पुलिस ने मुठभेड़ में किया ढेर
आगरा (आरएनआई)। ताजगंज क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुनील का आखिरकार पुलिस ने अंत कर दिया। बमरौली कटारा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मारा गया, जबकि इस दौरान एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दिल दहला देने वाले मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। 24 मार्च को बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। अगले ही दिन 25 मार्च को बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रहने वाले आरोपी सुनील के कमरे से बरामद हुआ। उसने हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए खून को पानी से साफ किया और मासूम की लाश को आटे के ड्रम में छिपा दिया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित कीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। लगातार दबिश के बीच 27 मार्च की रात मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने बमरौली कटारा इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक दरोगा घायल हो गए।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, छह खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त सैय्यद अली अब्बास ने इस ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम की तत्परता और बहादुरी की सराहना की है। इस कार्रवाई के साथ ही इस जघन्य हत्याकांड का पटाक्षेप हो गया है, हालांकि इस घटना ने शहर में सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)