अलीगढ़ में बयानबाज़ी से बढ़ा सियासी तापमान, सांसद सतीश गौतम के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी
अलीगढ़ (आरएनआई) अलीगढ़ में आगामी त्योहारों के बीच राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया जब अलीगढ़ से सांसद सतीश गौतम के लाउडस्पीकर और नुमाइश मैदान में नमाज को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हो गया। उनके इस बयान ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि शहर के सामाजिक ताने-बाने पर भी असर डालते हुए सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा कर दी है।
इस मुद्दे ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है, जहां अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों ने सांसद के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है। छात्रों का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उनके पद की गरिमा के विपरीत है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। छात्र इब्राहिम खान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता और एकता में है, ऐसे में इस प्रकार के बयान समाज को बांटने का काम करते हैं।
विवाद तब और गहरा गया जब यामीन अब्बासी ने नुमाइश मैदान में ईद की नमाज की अनुमति मांगी थी, जिस पर सांसद की टिप्पणी सामने आई। इसके जवाब में अब्बासी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी और व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी, जिससे मामला और भड़क गया। इस बयानबाज़ी के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
विपक्षी नेताओं ने भी इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बसपा नेता सलमान शाहिद ने कहा कि अलीगढ़ हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस तरह के बयान समाज में विभाजन पैदा करने का काम करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नफरत की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
फिलहाल, यह मामला अब सियासत के साथ-साथ अदालत की चौखट तक पहुंचने की ओर बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में अलीगढ़ का राजनीतिक माहौल और गर्म रहने के आसार हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)