अघोर परंपरा का धरोहर स्थल: सुल्तानपुर का सत्यनाथ धाम इतिहास और अध्यात्म का संगम

Sunday, September 7, 2025 - 15:56
0
अघोर परंपरा का धरोहर स्थल: सुल्तानपुर का सत्यनाथ धाम इतिहास और अध्यात्म का संगम

कादीपुर/सुल्तानपुर (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कादीपुर क्षेत्र स्थित प्राचीन अघोरपीठ बाबा सत्यनाथ मठ के दिन अब बदलने वाले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अयोध्या मंडल की समीक्षा बैठक के दौरान कादीपुर विधायक राजेश गौतम के विशेष आग्रह पर इस धाम के विकास कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपए की राशि अवमुक्त की है।

इस राशि से मठ परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्मशान घाट, शवदाह स्थल, पर्यटक विश्राम गृह सहित कई सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। वर्षों से उपेक्षित इस आध्यात्मिक स्थल पर अब श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

5000 साल पुराना धाम, नौ नाथों में से एक
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, सत्यनाथ मठ लगभग 5000 वर्ष पुराना है और सनातन धर्म के नौ नाथों में से एक माना जाता है। यह धाम अघोरियों की साधना और साधकों के ध्यान का प्रमुख केंद्र है। गुरु पूर्णिमा जैसे अवसरों पर यहां हजारों श्रद्धालु जुटते हैं।

बाबा सत्यनाथ और कादिधारा परंपरा
अघोर परंपरा में साधना की पाँच धाराएं—हादि, कादि, ओमादी, वागादि और प्रणवादि—प्रचलित हैं। बाबा सत्यनाथ कादिधारा के प्रवर्तक थे और यह भी मान्यता है कि कादीपुर नगर की स्थापना भी उन्होंने ही की थी। मठ में मौजूद प्राचीन शिवलिंग और अर्घा इस परंपरा की प्रामाणिकता के प्रतीक माने जाते हैं।

इतिहास की गवाही देते अवशेष
गोमती नदी के तट पर स्थित इस मठ के इर्द-गिर्द आज भी पुराने किले और दीवारों के अवशेष मौजूद हैं। विशाल टीलों से घिरा यह क्षेत्र साधना और ध्यान के लिए विशेष वातावरण प्रदान करता है।

गौरव लौटाने की पहल
हरिश्चंद्र घाट, वाराणसी के श्मशान पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चंडेश्वर कपाली बाबा इस धरोहर को पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि सत्यनाथ धाम केवल क्षेत्र ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण अघोर परंपरा की धरोहर है। अब मुख्यमंत्री की ओर से मंजूर की गई विकास परियोजना से यह धाम विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।

जनसमर्थन
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने विधायक राजेश गौतम के प्रयासों की सराहना की है। उनका मानना है कि वर्षों से उपेक्षित पड़े इस स्थल पर विकास कार्य शुरू होने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि कादीपुर क्षेत्र का गौरव भी पुनः स्थापित होगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Subir Sen

Founder, RNI News

Comments (0)

User