होली के बाद माता वैष्णो देवी यात्रा में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या, प्रतिदिन पहुंच रहे 20 से 25 हजार भक्त
जम्मू (आरएनआई)। होली के बाद माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे हैं। धर्मनगरी कटड़ा से लेकर भवन तक पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है और वातावरण माता के जयकारों से गूंज रहा है।
जानकारी के अनुसार तीन-चार दिन पहले तक प्रतिदिन लगभग 15 से 18 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 20 से 25 हजार के बीच पहुंच गई है। होली के बाद परीक्षाओं का दौर समाप्ति की ओर बढ़ने और मौसम के अनुकूल होने के कारण श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं।
आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध शुरू कर दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
माता के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के मंदिर में भी माथा टेककर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं। रविवार को भी मौसम सामान्य बना रहा और यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही।
यात्रियों की सुविधा के लिए हेलिकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवा के साथ-साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है। श्रद्धालु पंजीकरण कराने के बाद परिवार सहित भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। छह मार्च को लगभग 23,500 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए थे, जबकि सात मार्च को यह संख्या बढ़कर 25,600 तक पहुंच गई। रविवार को शाम पांच बजे तक करीब 16,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



