स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजलीघर पर हंगामा: लाठी-डंडों के साथ पहुंचीं महिलाएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा
मथुरा (आरएनआई)। स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर मथुरा में उपभोक्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को यमुनापार क्षेत्र स्थित लक्ष्मी नगर बिजलीघर पर महिलाओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। आक्रोशित महिलाएं लाठी-डंडे लेकर बिजलीघर पहुंचीं और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनकी परेशानियां कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने के बावजूद उनके कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं। तिवारीपुरम की निवासी प्रेमलता ने बताया कि शिकायत करने के बाद भी अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सुबह के समय करीब आधा सैकड़ा से अधिक महिला-पुरुष बिजलीघर पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं के हाथों में लाठी-डंडे देखकर बिजलीघर पर मौजूद अधिकारियों के होश उड़ गए। स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आखिरकार मौके पर मौजूद विद्युत अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर बदलने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और मामला किसी तरह नियंत्रित किया जा सका। प्रदर्शन में चंद्रवती, ललिता, हेमलता, मोहित गुप्ता, कुसुम सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे।
यह घटना एक बार फिर स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की जरूरत को उजागर करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)