सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने दिखाए शरजील इमाम के वीडियो, भड़काऊ भाषणों का आरोप दोहराया
नई दिल्ली (आरएनआई) 2020 के उत्तर-पूर्व दिल्ली दंगों से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में शरजील इमाम के कथित भड़काऊ भाषणों के वीडियो पेश किए। पुलिस का आरोप है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के विरोध प्रदर्शनों के दौरान इमाम के भाषणों ने हालात बिगाड़े और लोगों को उकसाने का काम किया। इमाम इन आरोपों से लगातार इनकार करते रहे हैं और उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण विरोध की बात कर रहे थे।
पुलिस ने अदालत से कहा कि देश में एक चिंताजनक रुझान दिख रहा है, जहां डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर लोग अपने करियर से हटकर ‘राष्ट्रविरोधी गतिविधियों’ में शामिल हो रहे हैं। पुलिस ने आग्रह किया कि ऐसे मामलों को गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
इससे पहले 30 अक्तूबर को दिल्ली पुलिस ने दंगा मामले के आरोपियों की जमानत याचिका खारिज करने की मांग की थी और सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया था। पुलिस के अनुसार, यह दंगे केवल दिल्ली तक सीमित रखने की योजना नहीं थी, बल्कि इसे पूरे देश में फैलाकर अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की गई।
हलफनामे में कहा गया कि दंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे के दौरान भड़काने की योजना थी ताकि विश्व मीडिया का फोकस इस मुद्दे की ओर लाया जा सके और सीएए को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुस्लिम-विरोधी कानून के रूप में प्रचारित किया जा सके। पुलिस ने इसे “एक सुनियोजित, गहरी और सोची-समझी साजिश” बताया, जिसके कारण 53 लोगों की मौत हुई और 753 एफआईआर दर्ज की गईं।
जांच में मिले चैट संदेशों और डिजिटल सबूतों का हवाला देते हुए पुलिस ने दावा किया कि पूरी योजना शांतिपूर्ण विरोध के नाम पर छिपाई गई थी और इसका लक्ष्य दंगों को दिल्ली से आगे देशभर में फैलाना था।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



