सिक्किम में तबाही: चेट्टन में फंसे 64 पर्यटकों में 17 को सुरक्षित निकाला गया, बचाव दल ने फिर शुरू किया अभियान
सिक्किम के भूस्खलन प्रभावित चेट्टन से शुक्रवार को बचाव दल ने 17 और लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। खराब मौसम के चलते बृहस्पतिवार को रोका गया बचाव अभियान फिर से शुरू किया गया। तीन हेलीकॉप्टरों की मदद से पर्यटकों को निकाला गया।

गंगटोक (आरएनआई) सिक्किम के चेट्टन में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में फंसे 64 पर्यटकों में से 17 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटकों को निकालने के लिए शुक्रवार सुबह फिर से बचाव अभियान शुरू किया गया। खराब मौसम के चलते बृहस्पतिवार को बचाव अभियान रोकना पड़ा था।
अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर की मदद से शुरू किया गया दिन का पहला बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। चेट्टन से 17 लोगों को सुरक्षित निकालकर हेलीकॉप्टर से पाकयोंग के ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि चेट्टन में अभी भी करीब 47 लोग फंसे हुए हैं। उन सभी को जल्द से जल्द हेलीकॉप्टर से निकाला जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने बचाए गए लोगों को हवाई अड्डे से गंगटोक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की है, जहां से उन्हें अपने गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की एक टीम भी हवाई अड्डे पर मौजूद थी, जो बचाए गए लोगों की प्रारंभिक चिकित्सा जांच कर रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को चेट्टन में फंसे कुल 63 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से निकाला गया था। इनमें अधिकतर पर्यटक थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को फिर से बचाव अभियान शुरू किया गया। पाकयोंग ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे से तीन हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी। अधिकारियों ने बताया कि मौसम और इलाके की स्थिति को देखते हुए आगे भी बचाव अभियान जारी रहेगा।
एक जून की शाम को चेट्टन में एक सैन्य शिविर में भूस्खलन हुआ। इस हादसे में तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी। जबकि, छह सैनिक लापता हो गए थे और कई अन्य घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि लापता सैनिकों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






