सऊदी बस हादसा: डीएनए से होगी पहचान, 50 परिजन अंतिम संस्कार के लिए मदीना रवाना
हैदराबाद (आरएनआई) सऊदी अरब में हुए दर्दनाक बस हादसे में मारे गए भारतीय श्रद्धालुओं के लगभग 50 परिजन अंतिम संस्कार के लिए बुधवार को मदीना रवाना होंगे। हादसे में जान गंवाने वाले तीर्थयात्रियों की पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से की जाएगी और इसके बाद ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के परिवारों को सऊदी सरकार की ओर से मुआवजा मिलने की भी संभावना है।
तेलंगाना और आंध्रप्रदेश सरकारों ने राहत और समन्वय के लिए अपनी टीमें पहले ही सऊदी अरब भेज दी हैं। आंध्रप्रदेश से बुधवार को पहुंचने वाले प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व राज्यपाल जस्टिस एस. अब्दुल नजीर कर रहे हैं, जबकि तेलंगाना सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. अजहरुद्दीन की अगुवाई में एक टीम अंतिम संस्कार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में समन्वय कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पहचान से परे जल चुके शवों को सुरक्षित रखा गया है, ताकि डीएनए परीक्षण के बाद उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके।
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने मदीना में विशेष कैंप कार्यालय स्थापित किया है, जहां मृतकों के परिजनों और तीर्थयात्रियों की सहायता की जा रही है। एक अन्य पोस्ट में बताया गया कि महावाणिज्य दूत फहद अहमद खान सूरी ने हादसे में जीवित बचे एकमात्र भारतीय अब्दुल शोएब मोहम्मद से अस्पताल में मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। हादसे के बाद भारत और सऊदी प्रशासन द्वारा पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की पहल जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



