संभल में जामा मस्जिद से सटे कब्रिस्तान की पैमाइश शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

Tuesday, December 30, 2025 - 12:32
0
संभल में जामा मस्जिद से सटे कब्रिस्तान की पैमाइश शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

संभल (आरएनआई)। संभल में जामा मस्जिद से सटे करीब आठ बीघा कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश का काम मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। प्रशासन इस प्रक्रिया के जरिए जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर अवैध कब्जों की पहचान करेगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल, आरआरएफ और पीएसी की तैनाती की गई है, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पैमाइश पूरी होने के बाद कब्रिस्तान की भूमि पर यदि कोई अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले सोमवार शाम को प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इलाके में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी उत्तरी कुलदीप कुमार सिंह, एसडीएम रामानुज और सीओ आलोक भाटी के नेतृत्व में यह मार्च सत्यव्रत पुलिस चौकी से शुरू होकर जामा मस्जिद क्षेत्र और आसपास के बाजारों तक निकाला गया।

अधिकारियों ने पैमाइश स्थल के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील इलाकों का भी निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिये पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।

एसडीएम ने बताया कि कब्रिस्तान के आसपास स्थित दुकानदारों और स्थानीय लोगों को पहले ही बैठक के माध्यम से पैमाइश की जानकारी दे दी गई थी। जमीन की नाप-जोख लेखपालों की एक विशेष टीम द्वारा की जा रही है। एसपी के मुताबिक इस कार्य के लिए चार कानूनगो और 22 लेखपालों की टीम बनाई गई है, जिसमें तहसीलदार को प्रभारी और तीन तहसीलदारों को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

एएसपी ने बताया कि पैमाइश के दौरान आठ प्रभारी निरीक्षक, आरआरएफ और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है, ताकि पूरे क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User