शूटर से विधायक और अब मंत्री बनीं श्रेयसी सिंह, जमुई में खुशी की लहर
जमुई (आरएनआई) बिहार की नई सरकार में सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं श्रेयसी सिंह, जिन्हें भाजपा ने अपने कोटे से मंत्री बनाया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए मेडल जीत चुकीं और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्रेयसी सिंह राजनीति में भी लगातार मजबूत होती रही हैं। जमुई विधानसभा सीट से दूसरी बार शानदार जीत दर्ज करने के बाद अब उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
श्रेयसी सिंह एक राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता दिग्विजय सिंह केंद्र में मंत्री रहे, जबकि उनकी मां पुतुल कुमारी भी सांसद रह चुकी हैं। घर से मिली राजनीतिक सीख और खेल जगत के अनुशासन ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। जमुई की जनता ने भी उन पर लगातार भरोसा जताया और इस चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की।
एनडीए ने जमुई का मंत्री पद इस बार भी बरकरार रखा है। पिछली बार चकाई सीट से निर्दलीय जीतकर मंत्री बने सुमित सिंह इस बार हार गए, इसलिए भाजपा ने श्रेयसी सिंह पर भरोसा जताया। एक राजपूत नेता होने के साथ-साथ महिला और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी के रूप में उनकी पहचान ने उन्हें मंत्रिमंडल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में श्रेयसी सिंह की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र बनी रही। शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा कि वे जमुई सहित पूरे बिहार के विकास को प्राथमिकता देंगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए ईमानदारी से काम करेंगी।
उनकी जीत और मंत्री बनने की खबर से जमुई में खुशी की लहर दौड़ गई। मुख्यालय स्थित कचहरी चौक पर एनडीए समर्थकों ने पटाखे फोड़कर, मिठाई बांटकर और जश्न मनाकर अपनी खुशी व्यक्त की। स्थानीय लोगों का मानना है कि श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊर्जा और नए बदलाव देखने को मिलेंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



