शुभांशु शुक्ला बने 'विकसित भारत बिल्डाथॉन' के ब्रांड एंबेसडर, छात्रों को विकसित भारत के निर्माता बनाएंगे
नई दिल्ली (आरएनआई) अंतरिक्ष में यात्रा करने वाले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को केंद्र सरकार के 'विकसित भारत बिल्डाथॉन' का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इस भूमिका में वे देशभर के छात्रों को विकसित भारत के निर्माता बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
शनिवार को शुभांशु शुक्ला ने स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार से मुलाकात की और बिल्डाथॉन की रूपरेखा व उद्देश्य पर चर्चा की। यह कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय और अटल इनोवेशन मिशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और देश का अब तक का सबसे बड़ा स्कूल हैकाथॉन है। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के लगभग एक करोड़ छात्र भाग लेंगे।
बिल्डाथॉन के तहत छात्रों को चार राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार करने होंगे:
आत्मनिर्भर भारत – स्वावलंबी तकनीक और समाधान विकसित करना
स्वदेशी – देशी विचारों और नवाचारों को बढ़ावा देना
वोकल फॉर लोकल – स्थानीय उत्पादों, कला और संसाधनों को प्रोत्साहित करना
समृद्धि – सतत विकास और समृद्धि के मार्ग बनाना
यह बिल्डाथॉन 23 सितंबर को शुरू हुआ था। पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है, जबकि लाइव बिल्डाथॉन 13 अक्टूबर को आयोजित होगा। विजेताओं की घोषणा दिसंबर में की जाएगी। छात्र इस दौरान टीमों में मिलकर अपने विचारों का प्रोटोटाइप तैयार करेंगे और वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करेंगे।
39 वर्षीय शुभांशु शुक्ला भारतीय वायुसेना अधिकारी और टेस्ट पायलट हैं। उन्होंने हाल ही में एक्सिओम-4 मिशन के तहत अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा पूरी की और आईएसएस तक पहुंचने वाले पहले भारतीय और राकेश शर्मा (1984) के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बने।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



