शनिवार वाड़ा में नमाज पर सियासी संग्राम: BJP सांसद ने कराया ‘गोमूत्र शुद्धिकरण’, विपक्ष ने कहा – नफरत फैलाने की कोशिश

Oct 21, 2025 - 14:04
 0  432
शनिवार वाड़ा में नमाज पर सियासी संग्राम: BJP सांसद ने कराया ‘गोमूत्र शुद्धिकरण’, विपक्ष ने कहा – नफरत फैलाने की कोशिश

पुणे (आरएनआई): महाराष्ट्र के पुणे स्थित ऐतिहासिक शनिवार वाड़ा किला एक बार फिर विवादों में घिर गया है। किले के अंदर कुछ मुस्लिम महिलाओं द्वारा नमाज अदा करने का वीडियो सामने आने के बाद राजनीति गरमा गई है। इस घटना के विरोध में भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने हिंदू संगठनों के साथ मिलकर शनिवार वाड़ा में ‘गोमूत्र से शुद्धिकरण’ और शिव वंदना का आयोजन किया।

वीडियो वायरल होने के बाद मेधा कुलकर्णी ने कहा, “शनिवार वाड़ा मराठा साम्राज्य की विरासत है, यह नमाज पढ़ने की जगह नहीं है। हमने वहां शिव वंदना की और शुद्धिकरण किया। भगवा झंडा फहराने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने हमें रोक दिया। हिंदू समाज अब जागरूक है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि “कुछ लोग सार्वजनिक स्थलों पर नमाज पढ़कर बाद में उन्हें वक्फ संपत्ति घोषित करने की कोशिश करते हैं।”

विवाद की शुरुआत
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कुछ मुस्लिम महिलाएं शनिवार वाड़ा परिसर में नमाज पढ़ती नजर आईं। इसके बाद हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई, जबकि भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने इसे “मराठा गौरव का अपमान” बताया।

सरकारी और विपक्षी प्रतिक्रियाएँ
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी और कहा, “शनिवार वाड़ा हमारी वीरता का प्रतीक है। अगर हिंदू हाजी अली में हनुमान चालीसा पढ़ें तो मुसलमानों की भावनाएं आहत होंगी। इसलिए नमाज सिर्फ मस्जिद में ही होनी चाहिए।”

वहीं, विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर धार्मिक नफरत फैलाने का आरोप लगाया। एनसीपी नेता रूपाली पाटिल थोम्बरे ने मेधा कुलकर्णी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की।

एआईएमआईएम प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा,- “तीन-चार महिलाओं ने नमाज पढ़ी तो क्या हो गया? शनिवार वाड़ा एएसआई संरक्षित स्थल है, वहां सभी को जाने का हक है। नफरत से नहीं, मन से शुद्धता लानी चाहिए।”

पुलिस की कार्रवाई
पुणे पुलिस ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की शिकायत पर नमाज पढ़ने वाली महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। किले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आगे की कार्रवाई एएसआई के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.