विधान परिषद में चढ़ावा चोरी पर हंगामा, केशव मौर्य का सपा पर निशाना; 15 मिनट के लिए स्थगित हुई कार्यवाही
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मानसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने कार्यस्थगन प्रस्ताव के जरिए मामले को उठाया और नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए, जिसके चलते सभापति को कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने एक पैसा भी चंदा नहीं दिया, वे चंदा चोरी की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बाबरी के नाम पर कितना चंदा लिया गया था। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने मंदिरों को तोड़ने का काम किया और 1992 में ढांचा गिराने पर उन्हें गर्व है। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में "सपा पर हनुमान जी की गदा चलेगी।"
समाजवादी पार्टी ने अपने प्रस्ताव में आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के दान पात्र से चोरी का मामला वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार से जुड़ा है। विपक्ष का कहना था कि पुलिस की कार्रवाई लचर रही और केवल छोटे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नियम 105 के तहत विपक्ष के नेता लाल बिहारी यादव और किरण पाल कश्यप ने कहा कि दान की वस्तु की चोरी गंभीर अपराध है और सरकार को मामले में निष्पक्ष व प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
हंगामे के बीच सभापति मानवेंद्र सिंह ने कार्यस्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए मामले को सरकार के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजने की घोषणा की। इसके बाद सपा सदस्य अपनी सीटों पर लौटे और सदन की कार्यवाही सामान्य हो सकी।
इसी दौरान सदस्य राज बहादुर सिंह चंदेल ने शिक्षक नेताओं, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त शिक्षकों को निशुल्क एवं कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल करने की मांग उठाई, जिस पर सरकार ने विचार करने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)