लखनऊ के कसमंडी विवादित ढांचे पर फिर बढ़ा तनाव, जलाभिषेक की कोशिश पर पुलिस ने रोका
लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र स्थित कसमंडी कलां गांव में सावन के पहले सोमवार को विवादित ढांचे को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी अपने समर्थकों के साथ 108 गांवों से एकत्रित पवित्र मिट्टी और जल लेकर जलाभिषेक करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें विवादित स्थल से करीब 200 मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे सूरज पासी और उनके समर्थकों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने बैरिकेडिंग के सामने ही धरने पर बैठकर विरोध जताया।
मौके पर मौजूद एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें विवादित ढांचे की ओर जाने से मना किया। इसके बाद सूरज पासी ने बैरिकेडिंग के सामने ही सांकेतिक जलाभिषेक किया और करीब आधे घंटे बाद समर्थकों के साथ वापस लौट गए।
लाखन आर्मी ने इससे पहले 21 मई को जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर कसमंडी के विवादित ढांचों का मुद्दा उठाया था। संगठन का दावा है कि ढांचे की दीवारों और खंभों पर प्राचीन हिंदू कलाकृतियां अंकित हैं तथा उनकी कार्बन डेटिंग कराई जानी चाहिए। इसके बाद प्रशासन ने वहां नमाज पर रोक लगाई थी। बाद में संगठन से जुड़े योगेश पासी ने वहां हनुमान चालीसा का पाठ करने का प्रयास किया था, जबकि 27 मई को सूरज पासी ने विवादित स्थल के निकट धरना भी दिया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)