बृजभूषण के बरी होने पर विनेश फोगाट बोलीं- फैसले के खिलाफ अपील करेंगे, लड़ाई जारी रहेगी
महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को बरी किए जाने के बाद पूर्व ओलंपियन विनेश फोगाट ने फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि महिला पहलवान इस निर्णय के खिलाफ अदालत में अपील करेंगी और न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।
विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि इस फैसले से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही पूरा प्रशासन, सरकार और व्यवस्था बृजभूषण शरण सिंह को बचाने में लगी थी।
विनेश फोगाट ने कहा कि सभी महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को जल्द से जल्द फैसले के खिलाफ अपील दायर करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बृजभूषण शरण सिंह ने अपने प्रभाव और राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल करते हुए कई महिला पहलवानों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। हालांकि, उनके अनुसार कई महिला पहलवान डटी रहीं और अदालत में अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखी।
गौरतलब है कि अप्रैल-मई 2023 में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक धरना देकर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बजरंग पूनिया ने भी विनेश फोगाट के बयान का समर्थन करते हुए वही संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया।
उधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक ओर महिला सशक्तिकरण और युवाओं के हितों की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में अलग तस्वीर देखने को मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)