दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया

Monday, August 3, 2026 - 19:38
0
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया

मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा है। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों के अंतर से पराजित किया। इस सीट पर भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था, लेकिन पार्टी को जीत नहीं मिल सकी।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े के अनुसार, 15 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मतदान में कांग्रेस को 42.39 प्रतिशत, भाजपा को 38.57 प्रतिशत और आजाद समाज पार्टी को 14.3 प्रतिशत वोट मिले। इस उपचुनाव में कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे और मतदान प्रतिशत 71.44 रहा।

मतगणना के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार ने कई राउंड में मजबूत बढ़त बनाई। एक समय यह अंतर 12,607 वोटों तक पहुंच गया था, हालांकि अंतिम चरणों में भाजपा ने कुछ बढ़त कम की, लेकिन जीत का अंतर 6,016 वोट पर कायम रहा।

जीत के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने दावा किया कि यदि भीतरघात नहीं होता तो जीत का अंतर और अधिक होता। घनश्याम सिंह ने इस परिणाम को भाजपा के खिलाफ जनता के संदेश के रूप में बताते हुए कहा कि दतिया से बदलाव की शुरुआत हुई है और इसका असर आने वाले समय में पूरे प्रदेश और देश की राजनीति पर दिखाई देगा।

दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराया था। बाद में वर्ष 1998 के एक बैंक धोखाधड़ी मामले में दोषसिद्धि के चलते उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। इस मामले में उनकी याचिका फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User