विक्रमशिला एक्सप्रेस में बम की अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार, बोला – “दहशत फैलती, लोग ट्रेन से कूदते तो मजा आता”

Nov 3, 2025 - 15:32
 0  243
विक्रमशिला एक्सप्रेस में बम की अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार, बोला – “दहशत फैलती, लोग ट्रेन से कूदते तो मजा आता”

अलीगढ़ (आरएनआई) — विक्रमशिला एक्सप्रेस में बम और आतंकियों की झूठी सूचना देने वाले युवक को जीआरपी ने इटावा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पश्चिमी दिल्ली निवासी मोनू उर्फ रामनरेश के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया — “मैंने तो मजाक में फोन किया था, अगर लोग डरकर ट्रेन से कूदते, अफरा-तफरी मचती तो मजा आता।”

जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि आरोपी ने इटावा जीआरपी थाने के नंबर पर फोन कर विक्रमशिला एक्सप्रेस में बम होने और आतंकवादी होने की फर्जी सूचना दी थी। सूचना मिलते ही रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अलीगढ़ स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी
पकड़े गए आरोपी मोनू ने बताया कि वह मोबाइल से यूं ही अलग-अलग नंबर मिलाता रहता था। इसी दौरान उसे इटावा जीआरपी थाने का नंबर मिला। पहले उसने कुछ मिस कॉल कीं, फिर अचानक शरारत में फोन लगाकर कह दिया — “हैलो, विक्रमशिला एक्सप्रेस में आतंकवादी और बम हैं।” उसे यह अंदाजा नहीं था कि उसका कॉल ट्रेस कर लिया जाएगा। जीआरपी ने तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की और इटावा के भरथना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

कैसे फैली अफवाह
झूठी सूचना 3:19 बजे रेलवे हेल्पलाइन 139 नंबर पर दी गई थी। इसके बाद भी कई स्तरों पर सूचना आगे बढ़ाने में देरी हुई। ट्रेन ने 3:40 बजे इटावा और 4:45 बजे टूंडला स्टेशन पार कर लिया, मगर चेकिंग नहीं की गई। सुबह 5:15 बजे इटावा जीआरपी थाने को अलर्ट भेजा गया, लेकिन तब तक ट्रेन करीब 170 किमी की दूरी तय कर अलीगढ़ पहुंच चुकी थी।

अलीगढ़ स्टेशन पर ट्रेन को रोककर आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने सभी डिब्बों की जांच की, जो लगभग एक घंटे तक चली। अंततः कुछ भी संदिग्ध न मिलने पर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही ट्रेन को अलीगढ़ में रोका गया। वहीं उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि यदि सूचना पहुंचाने में देरी हुई है, तो उसकी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय होगी।

एक हफ्ते पहले भी फैली थी झूठी खबर
यह पहला मामला नहीं है जब किसी ट्रेन में बम की झूठी सूचना दी गई हो। 25 अक्तूबर को रांची से आनंद विहार जा रही पूजा स्पेशल एक्सप्रेस (02877) में भी सोशल मीडिया के माध्यम से बम की खबर फैल गई थी। उस समय भी ट्रेन को अलीगढ़ में रोककर गहन तलाशी ली गई थी, पर कुछ नहीं मिला।

जीआरपी ने उस मामले में भी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और जांच जारी है। इस घटना के बाद रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की झूठी सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इससे न केवल यात्रियों में दहशत फैलती है, बल्कि पूरे रेल नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.