लद्दाख में हिंसक प्रदर्शन, सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल समाप्त कर युवाओं से की शांति की अपील

Sep 24, 2025 - 16:30
 0  135
लद्दाख में हिंसक प्रदर्शन, सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल समाप्त कर युवाओं से की शांति की अपील

लेह (आरएनआई)। लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह में बुधवार को हुआ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी कार्यालय और पुलिस की कई गाड़ियों में आग लगा दी, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।

इस बीच, जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 15 दिन से जारी अपनी भूख हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया। उन्होंने युवाओं से हिंसा रोकने की अपील करते हुए कहा कि इससे आंदोलन की मूल भावना को नुकसान पहुँचता है और क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ती है।

हिंसा के कारण लेह शहर में जगह-जगह आगजनी और पथराव की घटनाएँ हुईं। युवाओं ने बीजेपी दफ्तर, हिल काउंसिल कार्यालय और वाहनों को निशाना बनाया। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी और अतिरिक्त बलों की तैनाती की।

वांगचुक ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा, “मैं लद्दाख के युवाओं से हिंसा तुरंत रोकने का अनुरोध करता हूं। हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण होना चाहिए ताकि हमारी मांगें सही तरीके से सुनी जा सकें।”

लेह एपेक्स बॉडी की युवा शाखा ने यह बंद और प्रदर्शन बुलाया था। इससे पहले भूख हड़ताल पर बैठे 15 में से दो लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हिंसक झड़पों के चलते प्रशासन ने चार दिवसीय वार्षिक लद्दाख महोत्सव का समापन समारोह भी रद्द कर दिया। उपराज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता को इसमें शामिल होना था। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने कहा कि यह निर्णय “अपरिहार्य कारणों” से लिया गया और कलाकारों व स्थानीय लोगों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया।

लद्दाख महोत्सव का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और युवाओं व कलाकारों को मंच देना था। प्रशासन ने जनता से सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.