हरदोई में युवक व विवाहिता ने लगाई फांसी, 500 मीटर की दूरी पर मिले दोनों के शव
हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव में शुक्रवार को एक युवक और विवाहिता के शव अलग-अलग स्थानों पर पेड़ों से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव करीब 500 मीटर की दूरी पर मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कुसुमखोर पुल के पास गांव हैदराबाद निवासी जनवेश (18) पुत्र केशवराम का शव जामुन के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। वहीं, कुछ दूरी पर गांव की सरोजनी (30) पत्नी खुशीराम का शव बगीचे में गुलर के पेड़ से उसकी साड़ी के फंदे पर लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच पिछले करीब छह माह से प्रेम-प्रसंग होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार रात महिला के परिजनों को इसकी जानकारी होने के बाद विवाद हुआ था। इसके बाद युवक घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह दोनों के शव मिलने से पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल रहा।
बताया गया कि सरोजनी का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व खुशीराम से हुआ था। खुशीराम कानपुर में मजदूरी करते हैं, जबकि सरोजनी गांव में रहती थी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)