जेठ की हत्या को लेकर महिला ने मानवाधिकार आयोग में लगाई गुहार

Friday, August 11, 2023 - 16:38
Updated: 3 years ago
0
जेठ की हत्या को लेकर महिला ने मानवाधिकार आयोग में लगाई गुहार

शाहाबाद, हरदोई । तकरीबन डेढ़ माह पूर्व संदिग्ध हालत में हुई एक वृद्ध की मौत के मामले में अब नया मोड़ ले लिया है। मृतक की भावज ने उच्च अधिकारियों सहित मानवाधिकार आयोग को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बबुराई निवासी सुखपाल 65 वर्ष पुत्र रामेश्वर का शव 25 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ी मड़ैया में फांसी पर लटका हुआ पाया गया था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। लेकिन पीड़ित की भावज कमला देवी ने भदासी गांव के लाला और उसके पुत्रों पर अपने जेठ की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया है। कमला देवी का आरोप है कि उसके जेठ से खेत का बैनामा कराने के बाद भदासी गांव के रहने वाले लाला उसके पुत्र पंचम और मानू ने सुखपाल द्वारा पैसे मांगे जाने पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। उसके बाद खेत में बनी मढ़ैया में फांसी पर लटका दिया। ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पीड़िता ने शाहाबाद कोतवाली में मामला दर्ज करवाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे चलता कर दिया। पीड़िता ने मुख्यमंत्री एवं मानवाधिकार आयोग को एक प्रार्थना पत्र देकर आरोपी लाला, पंचम और मानू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि लालू और उसके पुत्र काफी दबंग किस्म के हैं। लगातार उसके पुत्र और उसे जानमाल की धमकियां दे रहे हैं जिससे पीड़िता और उसका परिवार अपने को काफी असुरक्षित महसूस कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User