राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: गिरफ्तार आठों आरोपी कोर्ट में पेश, जिला न्यायालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय, फैजाबाद में पेश किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
पेशी से पहले सभी आरोपियों का पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद एसओजी प्रभारी अपनी टीम के साथ उन्हें अदालत लेकर पहुंचे। आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) की अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई।
सुनवाई के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। आम लोगों की आवाजाही पर भी विशेष नजर रखी गई, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में दर्ज मुकदमे की जांच जारी है। अदालत में पेशी के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)