राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग से मचा हड़कंप, 3rd AC और SLR कोच जलकर खाक

May 17, 2026 - 08:05
 0  459
राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग से मचा हड़कंप, 3rd AC और SLR कोच जलकर खाक

राजस्थान के कोटा रेल मंडल से रविवार सुबह एक बेहद भयावह घटना सामने आई, जिसने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन नंबर 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे विक्रमगढ़ आलोट और लूणी रीछा स्टेशनों के बीच हुआ, जहां देखते ही देखते ट्रेन के 3rd AC और SLR कोच आग की लपटों में घिर गए।

आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसमान में उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने यात्रियों में दहशत फैला दी। ट्रेन रुकते ही यात्री अपने सामान के साथ नीचे उतरने के लिए दौड़ पड़े। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही कोटा से दुर्घटना राहत ट्रेन (ARME) रवाना कर दी गई। साथ ही डीआरएम अनिल कलर समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, भारी पुलिस बल और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने तत्काल ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। रेलवे प्रशासन अब आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है। प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि देश की प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है और लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं से रेलवे आखिर कब सबक लेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.