यूक्रेन की कैद से गुजरात के युवक की पीएम मोदी से अपील, रूस जाने वाले युवाओं को दी चेतावनी

Dec 22, 2025 - 11:42
 0  243
यूक्रेन की कैद से गुजरात के युवक की पीएम मोदी से अपील, रूस जाने वाले युवाओं को दी चेतावनी

नई दिल्ली (आरएनआई)। यूक्रेन की कैद में मौजूद गुजरात के युवक साहिल मोहम्मद हुसैन का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में साहिल ने रूस जाने की योजना बना रहे भारतीय युवाओं को भी सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

गुजरात के मोरबी जिले के रहने वाले साहिल मोहम्मद हुसैन ने अपने वीडियो संदेश में बताया कि वह वर्ष 2024 में पढ़ाई के लिए रूस गया था, लेकिन आर्थिक समस्याओं और वीजा से जुड़ी दिक्कतों के कारण वह गलत लोगों के संपर्क में आ गया। साहिल के मुताबिक, उस पर नशीली दवाओं से जुड़े आरोप लगाए गए, जबकि उसने कोई अपराध नहीं किया। उसने दावा किया कि रूस में ऐसे मामलों में सैकड़ों लोगों को जेल में बंद किया गया और जेल प्रशासन की ओर से सजा से बचने के बदले रूसी सेना में शामिल होने की पेशकश की गई।

साहिल ने कहा कि इसी मजबूरी में वह रूसी सेना में शामिल हुआ, लेकिन बाद में उसने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद से वह यूक्रेनी सेना की कैद में है। वहीं से उसने यह वीडियो संदेश जारी किया है, जिसे यूक्रेनी सरकार ने सार्वजनिक किया है।

अपने संदेश में साहिल ने भावुक होकर कहा कि वह खुद को बेहद निराश महसूस कर रहा है और उसे अपने भविष्य को लेकर चिंता सता रही है। उसने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि उसकी स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित स्वदेश लौटाने में मदद की जाए। साथ ही उसने रूस जाने वाले युवाओं से कहा कि वहां कई धोखेबाज सक्रिय हैं, जो गलत आरोपों में फंसाकर जिंदगी बर्बाद कर सकते हैं, इसलिए बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी अक्टूबर महीने में यूक्रेनी सेना ने साहिल का एक वीडियो जारी किया था। उस वक्त यूक्रेनी सेना की 63वीं मैकेनाइज्ड ब्रिगेड ने जानकारी दी थी कि रूसी सेना के लिए लड़ रहा एक भारतीय नागरिक आत्मसमर्पण कर चुका है। वीडियो में साहिल ने खुद को गुजरात के मोरबी का रहने वाला 22 वर्षीय छात्र बताया था और कहा था कि वह रूस में एक विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने गया था। उस दौरान उसने दावा किया था कि नशीली दवाओं से जुड़े आरोपों में उसे सात साल की सजा सुनाई गई थी और इससे बचने के लिए उसे रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.