मैनपुरी में दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, डेढ़ घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक; हाइड्रा से निकाला गया बाहर
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर में एक चालक करीब डेढ़ घंटे तक केबिन में फंसा रहा। पुलिस और ग्रामीणों ने हाइड्रा मशीन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला। हादसे में परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अनपरा से गाजियाबाद जा रहा कोयले से लदा ट्रक बेवर थाना क्षेत्र में एक बंद होटल के सामने अचानक ब्रेक लगने से रुक गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर उसमें जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अमजद खान उसमें बुरी तरह फंस गया।
हादसे में परिचालक अवधेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बेवर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। हाइड्रा मशीन से ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को हटाकर करीब डेढ़ घंटे बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)