सीएम ग्रिड की सुस्त रफ्तार से बढ़ी मुसीबत, दिल्ली गेट पर खुदाई और जाम से मरीज-स्कूली बच्चे परेशान
आगरा में सीएम ग्रिड परियोजना की धीमी रफ्तार लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। दिल्ली गेट से हरीपर्वत तक खुदाई के बाद मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर छोड़ दिए गए हैं, जिससे धूल, जाम और आवाजाही की समस्या लगातार बढ़ रही है। स्कूल खुलने के बाद बच्चों, मरीजों और उनके तीमारदारों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री की फटकार के बावजूद परियोजना की रफ्तार में सुधार नहीं हुआ है। दिल्ली गेट से हरीपर्वत तक सड़क खोदकर मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे पूरे इलाके में धूल उड़ रही है। दिल्ली गेट क्षेत्र में कई प्रमुख अस्पताल, क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब और ब्लड बैंक स्थित हैं, ऐसे में मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
एक जुलाई से स्कूल खुलने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। क्षेत्र के 10 से अधिक स्कूलों में आने-जाने वाले बच्चों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को स्कूल खुलने के पहले ही दिन दिल्ली गेट पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय पार्षदों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस ने 30 जून तक काम पूरा करने की समयसीमा तय की थी ताकि मानसून और स्कूल खुलने से पहले सड़क सामान्य हो सके, लेकिन ठेकेदार ने काम पूरा करने के बजाय खुदाई कर अधूरा छोड़ दिया। फिलहाल एक ही लेन से दोनों दिशाओं का ट्रैफिक गुजरने के कारण लगातार जाम लग रहा है।
परियोजना में देरी पर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने ठेकेदारों को अतिरिक्त मशीनें और श्रमिक लगाकर तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि परियोजना में अनावश्यक देरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)