मुंगावली: शादी से इनकार पर पिता ने बेटी का गला दबाकर की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

Aug 28, 2025 - 14:55
Aug 28, 2025 - 15:01
 0  1.4k
मुंगावली: शादी से इनकार पर पिता ने बेटी का गला दबाकर की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

मुंगावली (आरएनआई) मुंगावली जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के गीला रोपा गांव में बेटी की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस वारदात का खुलासा करते हुए छात्रा के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

23 अगस्त की रात 17 वर्षीय छात्रा गुरनीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवार ने इसे आत्महत्या बताकर गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया और पड़ोसियों तक को इसकी खबर नहीं दी। किसी ने पुलिस को सूचना दी कि छात्रा की मौत संदिग्ध है, जिसके बाद 24 अगस्त की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची।

थाना प्रभारी अरविंद कछवाह ने बताया कि मृतका के पिता बलिहार सिंह ने बेटी की हत्या की थी। शुरुआती पूछताछ में पिता ने आत्महत्या का झूठा ड्रामा रचने की कोशिश की, लेकिन कमरे में फांसी लगाने के कोई सबूत नहीं मिले।

पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन भी मौके पर पहुंचे और ग्वालियर से एफएसएल, फोरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच कराई। पूछताछ में मृतका की मां ने सच बताया कि गुरनीत अपनी मर्जी से शादी करना चाहती थी, लेकिन पिता इसके खिलाफ था। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन दोपहर जब वह सो रही थी, तभी पिता ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पत्नी को धमकाया कि यदि सच बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देगा।

सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 232/25 धारा 103(1), 238, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका
इस खुलासे में एसडीओपी चंदेरी शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछवाह, सउनि विनोद तिवारी, सउनि रामनरेश बरूआ, प्रआर पुष्पराज यादव, प्रआर सोनू रघुवंशी, आर उपेन्द्र सिकरवार, मआर प्रतीक्षा रघुवंशी और चालक शैलेन्द्र सिकरवार की विशेष भूमिका रही।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक अशोकनगर विनीत कुमार जैन ने टीम की इस सफलता पर नगद ईनाम देने की घोषणा की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0