'भारत सरकार और बीसीसीआई अफगानिस्तान से सीखें' – प्रियंका चतुर्वेदी का केंद्र पर तंज
मुंबई (आरएनआई) – पाकिस्तान द्वारा किए गए ताजा हवाई हमले में तीन अफगान क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत के बाद शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत सरकार और बीसीसीआई को अफगानिस्तान से "सबक लेने" की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान ने जिस तरह खेल से ऊपर देश को प्राथमिकता दी है, उसी मानसिकता की जरूरत भारत में भी है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के मुताबिक, सीमाई प्रांत पक्तिका में पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमले में आठ लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन क्रिकेटर – कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून शामिल थे। ये सभी उरगुन से शाराना में एक दोस्ताना मैच खेलने गए थे और लौटते वक्त मारे गए। एसीबी ने इस हमले को “कायराना कृत्य” बताया और इसके बाद पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला से अपना नाम वापस ले लिया।
चतुर्वेदी का तीखा प्रहार
प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“पाकिस्तानी शासन कायरों का समूह है, जो बेकसूर लोगों का खून बहाता है और सीमा पर पिट जाता है। उन पर लानत है। यह देखकर अच्छा लगा कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट सीरीज नहीं खेलने का फैसला किया है। शायद बीसीसीआई और भारत सरकार को भी उनसे कुछ टिप्स लेने की जरूरत है कि किस तरह खेल के ऊपर देश को रखा जाए।”
उनकी यह टिप्पणी एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर हाल ही के राजनीतिक विवादों की पृष्ठभूमि में देखी जा रही है। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई राजनीतिक दलों और समूहों ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने का विरोध किया था, हालांकि सरकार ने अंततः टूर्नामेंट में भाग लेने और पाकिस्तान से खेलने का निर्णय लिया।
राजनीतिक संकेत साफ
प्रियंका चतुर्वेदी का बयान एक बार फिर इस बहस को हवा देता है कि क्या भारत को पाकिस्तान के साथ खेल संबंध जारी रखने चाहिए, विशेषकर सीमा पार आतंक और तनावपूर्ण संबंधों को देखते हुए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



