‘सेक्युलर शब्द से नफरत करती है भाजपा, संविधान से हटाने को उतावली’, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का आरोप
चेन्नई (आरएनआई)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि वह संविधान में मौजूद ‘सेक्युलर’ शब्द से नफरत करती है और इसे हटाने के लिए उतावली है। तिरुनेलवेली में आयोजित एक क्रिसमस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा देश की विविधता को समाप्त कर एकरूपता थोपना चाहती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्टालिन ने 19वीं सदी में भारत आईं ईसाई मिशनरी साराह टकर के योगदान को याद किया और दक्षिणी तमिलनाडु में महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि साराह टकर कॉलेज जैसे संस्थानों ने इस क्षेत्र में महिलाओं को शिक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु की डीएमके सरकार सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और अल्पसंख्यकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समुदायों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ईसाई समुदाय के लिए किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने चर्चों के निर्माण और उनके पुनरुद्धार जैसे प्रयासों की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी धर्मों के विकास के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के लोग उनकी सरकार के विकास मॉडल का समर्थन करते हैं, लेकिन कुछ ताकतों को यह रास नहीं आता और वे राज्य की शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अल्पसंख्यकों को डराने और दबाने का काम कर रही है।
एमके स्टालिन ने कहा कि डीएमके सरकार का विकास मॉडल ईसा मसीह के उस सिद्धांत पर आधारित है, जिसमें हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरतें पूरी करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह एक अधिनायकवादी भविष्य की ओर देश को ले जाना चाहती है, जहां एक भाषा, एक धर्म, एक संस्कृति, एक पार्टी और एक ही नेता का प्रभुत्व हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा तमिलनाडु में भी इसी एजेंडे को लागू करने की कोशिश कर रही है, लेकिन डीएमके ऐसी किसी भी साजिश को कभी सफल नहीं होने देगी और राज्य की विविधता व धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा करती रहेगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



