बसपा कार्यालय पर सूनी पड़ी है कुर्सियां और कार्यालय

Saturday, May 11, 2024 - 21:18
Updated: 2 years ago
0
बसपा कार्यालय पर सूनी पड़ी है कुर्सियां और कार्यालय
अल्लाहपुर सैदी खेल में सूना पड़ा बसपा कार्यालय

शाहाबाद हरदोई । हरदोई सुरक्षित लोकसभा चुनाव हेतु प्रचार अभियान थम गया है। 13 मई को यहां पर मतदान होना है। भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मतदाताओं से लगातार संपर्क में है और उनके कार्यालयों पर भी भीड़भाड़ देर रात तक बनी रहती है लेकिन बहुजन समाज पार्टी के अल्लाहपुर स्थित कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने के बाद से कुर्सियां खाली पड़ी हुई हैं। कार्यालय में एक भी व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा है। अगर यह कहा जाए कि बहुजन समाज पार्टी के कार्यालय पर प्रारंभ से ही सन्नाटा व्याप्त है तो कोई अतिशयोक्ति न होगी। भारतीय जनता पार्टी ने हरदोई शाहजहांपुर हाईवे पर आवास विकास में अपना कार्यालय स्थापित किया है, और समाजवादी पार्टी ने बासित नगर चौराहे पर अपना कार्यालय बनाया जबकि बहुजन समाज पार्टी का देर से ही सही लेकिन अल्लाहपुर सैदी खेल में अच्छा चुनाव कार्यालय बनाया गया। लेकिन इस कार्यालय पर बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता तो छोड़ दीजिए पदाधिकारी भी नदारद रहे। बहुजन समाज पार्टी के इस कार्यालय की जिम्मेदारी किस को सौपी गई, कौन कार्यालय प्रभारी बनाया गया। यह आज तक मीडिया कर्मी भी नहीं जान पाए। इक्का-दुक्का लोग इस कार्यालय पर कभी कभार मोबाइल चलाते हुए देखे गए लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के मल्लावां में जनसभा करने के बाद से इस कार्यालय पर पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया। फोटो में हमारे पाठक साफ देख सकते हैं कि यह फोटो दोपहर के लगभग 3:00 बजे का है और इस कार्यालय पर पूरी तरह से सन्नाटा दिखाई दे रहा है। कार्यालय पर बैठने वाले लोगों से जब पूछा गया कि कार्यालय का प्रभारी कौन है तो बताया गया कि कार्यालय का प्रभारी कोई नहीं है और सभी कार्यालय प्रभारी हैं। यहां बहुजन समाज पार्टी के नेताओं के रूप में पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके पवन रस्तोगी और कफील खां को माना जाता है। कफील खां ने पूंछने पर बताया कि वह अभी-अभी कार्यालय से घर पर खाना खाने आए हैं। खाली पड़े कार्यालय का फोटो मत छापिएगा लेकिन यह फोटो मीडिया के हाथ लग चुका था। इसलिए मीडिया ने इस फोटो का प्रकाशन किया है। बताया यह जाता है कि बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के देर में आने की वजह से बहुजन समाज के मतदाताओं में अपने प्रत्याशी के प्रति कोई खासी दिलचस्पी नहीं है, इसलिए बहुजन समाज के लोग कार्यालय से और प्रत्याशी से दूरी बनाए हुए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User