बरेली में सपा नेताओं की नजरबंदी, नेहा यादव बोलीं- भाजपा में खौफ
बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को यहां आने वाला था, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इधर, बरेली पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने सांसद और विधायक समेत सपा के कई पदाधिकारियों को नजरबंद किया है।
बरेली (आरएनआई) बरेली में पुलिस ने आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्य और भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम समेत कई नेताओं को नजरबंद कर दिया। सांसद नीरज मौर्य को सर्किट हाउस से पुलिस बाहर ले गई है। उधर, भोजीपुरा के सपा विधायक शहजिल इस्लाम व उनके पिता पूर्व विधायक इस्लाम साबिर को सीबीगंज स्थित फार्म हाउस में हाउस अरेस्ट किया गया है। सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नेहा यादव, पार्टी के नेता वीरपाल यादव और हरिचरन कश्यप को उनके आवास में नजरबंद किया गया है। सपा जिलाध्यक्ष शिव चरण कश्यप के आवास पर 14 पदाधिकारी को नजरबंद किया गया है।
सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नेहा यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हैं। भाजपा में खौफ दिखता है कि आम नागरिक उनके पक्ष में खड़ा नहीं है। बवाल के बाद बेगुनाहों के घरों पर बुलडोजर चल रहा है। वर्ग विशेष के लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। वह सही नहीं। नेहा ने कहा कि हमारी पार्टी के नेताओं को हाउस अरेस्ट करना सही नहीं। हम इससे घबराने वाले नहीं हैं। न्याय के साथ खड़े हैं और खड़े रहेंगे।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा है। मौलाना ने कहा कि समाजवादी पार्टी जब भी कहीं जाती है, शोर मचाती है और ढोल बजाती है। सपा नेताओं के दिलों में न तो प्यार है और न ही सेवा का भाव है। वे जानते हैं कि बरेली में शांति बहाल हो गई है और अब वे लोग शांति को अशांति में बदलने आ रहे हैं।
शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि बरेली की घटना यह स्थानीय मुद्दा है, स्थानीय लोग इसे सुलझा लेंगे। मौलाना ने समाजवादी पार्टी के नेताओं के लिए कहा कि हम बरेली को संभल नहीं बनने देंगे। पुलिस और प्रशासन को भी बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाना चाहिए ताकि क्षेत्र की शांति खतरे में न पड़े। बता दें कि बवाल के बाद सपा का प्रतिनिधिमंडल बरेली आने वाला था। इसमें शामिल सपा नेताओं को पुलिस ने बरेली जाने से रोक दिया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है। पिछले शुक्रवार (26 सितंबर) को नमाज के बाद कुछ लोगों ने जिले की शांति-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की थी, उसे पुलिस-प्रशासन ने एक से डेढ़ घंटे में नाकाम कर दिया था। इस शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि जिले में सभी स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और दुकानें खुली हैं। अगर किसी को लगता है कि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है, तो वो पुलिस के संज्ञान में जरूर लाएं। हमने अपने जनपदवासियों को सद्भावना का सिपाही बताया है। पूरे जिले में शांति है। दंगाइयों की न कोई जाति होती है और न कोई धर्म होता है। हम सभी को ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



