बरेली: जिला सहकारी बैंक में 1.31 करोड़ का घोटाला, दो शाखा प्रबंधक समेत चार कर्मचारी निलंबित
जिला सहकारी बैंक की फरीदपुर शाखा में 1.31 करोड़ रुपये का गबन किया गया। इसका खुलासा होने पर दो शाखा प्रबंधक समेत चार आरोपियों को निलंबित कर दिया गया है।
बरेली (आरएनआई) बरेली में जिला सहकारी बैंक की फरीदपुर शाखा में 1.31 करोड़ रुपये का घोटाला सामने आया है। इसमें शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा व तत्कालीन शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार गंगवार, कैशियर चंद्र प्रकाश व दीपक पांडेय को निलंबित कर दिया गया है।
जिला सहकारी बैंक के उप महाप्रबंधक सर्वेंद्र सिंह चौहान ने चारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। शाहजहांपुर के किसान की सम्मान निधि त्रुटिवश बैंक शाखा में आ गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान यह घोटाला सामने आया है।
उप महाप्रबंधक ने बताया कि शाहजहांपुर के किसान की शिकायत पर उन्होंने 15 मई को फरीदपुर शाखा का निरीक्षण किया था। वहां उन्हें 21 विवादित खाते मिले। इससे बड़ी धनराशि के गबन का संदेह हुआ था। फिर उन्होंने 23 मई को प्रकरण की विस्तृत जांच का आदेश दिया था। जांच में 1,31,06,069 रुपये गबन की पुष्टि होने पर चारों को निलंबित कर उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
फरीदपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि जिला सहकारी बैंक के उप महाप्रबंधक की ओर से तहरीर मिली है। उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



