बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, 27 अक्तूबर से भारी बारिश का अलर्ट; पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी सर्दी

Oct 25, 2025 - 10:40
 0  297
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, 27 अक्तूबर से भारी बारिश का अलर्ट; पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी सर्दी

कोलकाता (आरएनआई): बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र तेजी से सक्रिय हो रहा है, जो अगले दो दिनों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इसके असर से ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 27 से 30 अक्तूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हाल की बर्फबारी और बारिश ने सर्दी की दस्तक दे दी है।

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और 27 अक्तूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि इसका लैंडफॉल कहां होगा, लेकिन ओडिशा के तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने—

शुक्रवार को 12 जिलों,

शनिवार और रविवार को 21 जिलों,

और सोमवार को पूरे राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि “सरकार हालात पर पूरी नजर रखे हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। अक्टूबर महीना चक्रवातों के लिए संवेदनशील जरूर है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है।”

पश्चिम बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और हावड़ा जिलों में 28 से 30 अक्तूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं, कोलकाता और हावड़ा में 28 अक्तूबर को गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, मालदा और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में भी 29-30 अक्तूबर को भारी बारिश के आसार हैं।

दक्षिण भारत में भी सक्रिय मौसम प्रणाली
चेन्नई समेत तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भी अगले 2-3 दिनों तक गरज और बिजली के साथ भारी बारिश का अनुमान है। विशेषकर कुड्डालोर, पुडुचेरी, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

उत्तर भारत में ठंड बढ़ी
उधर, जम्मू-कश्मीर में बादल छाने और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 28 अक्तूबर को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते 27 अक्तूबर को बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान है। शिमला मौसम केंद्र के अनुसार, 28 से 30 अक्तूबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी। वीरवार रात को ताबो का न्यूनतम तापमान -2.0°C दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और तटीय राज्यों में मत्स्य गतिविधियों को रोकने तथा आपात सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश जारी किए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.