पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा: बरेली-हरिद्वार हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं की बस — युवती की मौत, 20 से अधिक घायल
पीलीभीत (आरएनआई): उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस बुधवार तड़के बरेली-हरिद्वार हाईवे पर पलट गई, जिसमें एक 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई और 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा जहानाबाद थाना क्षेत्र के निसरा और सरदार नगर गांवों के बीच सुबह करीब 3:20 बजे हुआ।
बस में करीब 60 श्रद्धालु सवार थे जो नानकमत्ता और अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन कर बरेली लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलटी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे चकनाचूर हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बरेली के मढ़ीनाथ चौपला निवासी दुर्गा (18) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल श्रद्धालुओं में नन्हे पुत्र सोहनलाल, रमेश, अर्जुन, मनोज, प्रीति, वरुण, गीता, अनीता, विशाल, दिनेश, जमुना, ऋतिक समेत कई लोग शामिल हैं। सभी को जहानाबाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सीएचसी के डॉक्टर सौरभ ने बताया कि अब तक 20 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से सात की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना पर सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और इलाज की स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जहानाबाद और अमरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



