पीथमपुर में हेलियन ग्रुप की भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन, 2000 करोड़ के निवेश से मिलेंगे 1000 से अधिक रोजगार

Monday, June 8, 2026 - 22:48
Updated: 5 months ago
0
पीथमपुर में हेलियन ग्रुप की भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन, 2000 करोड़ के निवेश से मिलेंगे 1000 से अधिक रोजगार

पीथमपुर (आरएनआई) मध्यप्रदेश के औद्योगिक नगर पीथमपुर में हेलियन ग्रुप की भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इस परियोजना का वर्चुअल भूमिपूजन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से वैश्विक फार्मा हब के रूप में उभर रहा है और इस क्षेत्र में मध्यप्रदेश की भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है।

करीब 2000 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली यह परियोजना पीथमपुर में 40 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। इसे दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा हेलियन प्लांट बताया जा रहा है। परियोजना के शुरू होने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 1000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी ने अपने कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लगभग 30 प्रतिशत रोजगार महिलाओं को देने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों, बेहतर औद्योगिक वातावरण और निवेशकों के लिए अनुकूल व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर हेलियन ग्रुप ने पीथमपुर को अपनी पहली भारतीय मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि यह निवेश राज्य की औद्योगिक प्रगति और आर्थिक विकास को नई गति देगा।

यह यूनिट केवल घरेलू जरूरतों को ही नहीं, बल्कि एशिया, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के कई देशों को निर्यात का भी प्रमुख केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में 300 से अधिक फार्मा कंपनियां और 75 से ज्यादा मेडिकल डिवाइस निर्माण इकाइयां सक्रिय हैं, जिससे राज्य देश के प्रमुख फार्मा और हेल्थकेयर विनिर्माण केंद्रों में शामिल हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए खुला आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2024 में यूनाइटेड किंगडम में आयोजित रोड शो के दौरान जिन निवेश संभावनाओं पर चर्चा हुई थी, उनका सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है और हेलियन की यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User