पीएम आवास के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में; हाईकोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
नई दिल्ली। छात्रों से जुड़े मुद्दों और हालिया घटनाक्रम को लेकर मंगलवार को राजधानी दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया।

लोक कल्याण मार्ग पर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान अखिलेश यादव ने पुलिसकर्मियों से पूछा, "कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?" वहीं कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और विपक्ष को प्रदर्शन से रोकने का आरोप लगाया।
इस बीच दिल्ली उच्च न्यायालय ने उस याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ कथित अत्यधिक बल प्रयोग का मुद्दा उठाया गया था। मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने याचिकाकर्ता से कहा कि ऐसे सभी मामलों में अदालत को न घसीटा जाए।

उधर, जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार को हुई झड़पों के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली करा दिया था, लेकिन देर रात प्रदर्शनकारी फिर वहां जुट गए। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई बातचीत नहीं होगी और जिसे भी बातचीत करनी है, उसे जंतर-मंतर आना होगा।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई को आयोजित 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और अन्य घटनाओं के संबंध में अब तक चार एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि दो अन्य मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
वहीं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि राहुल गांधी ने शुरुआत में संसद में नीट और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग रखी थी। उनके अनुसार, सरकार ने चर्चा के लिए सहमति भी जताई, लेकिन बाद में राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी जोड़ दी। जितेंद्र सिंह ने इसे राहुल गांधी का अपने पहले रुख से पीछे हटना बताया। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस दावे पर अलग रुख सामने आया है और पार्टी सरकार से छात्रों के मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग पर कायम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)