पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी भारी पड़ी, शिकायत के बाद युवक पर मामला दर्ज

Tuesday, July 21, 2026 - 22:11
Updated: 12 days ago
0
पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी भारी पड़ी, शिकायत के बाद युवक पर मामला दर्ज

सोशल मीडिया पर पत्रकारों के विरुद्ध अभद्र, अपमानजनक एवं अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में गुना जिले के समस्त पत्रकार मंगलवार को लामबंद हो गए। घटना से आक्रोशित पत्रकारों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर किशोर कन्याल और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की तथा संबंधित युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

कलेक्टर किशोर कन्याल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। जिस पर कैंट थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनसीआर के तहत बीएनएस की धारा 352 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने पत्रकारों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

वीडियो जारी कर पत्रकारों पर की थी विवादित टिप्पणी

मामला 18 जुलाई का है, जब गोपालपुरा निवासी अंकित जाटव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया। वीडियो में उसने गोपालपुरा स्थित दशहरा मैदान पर प्रशासन की मॉक ड्रिल के बाद फैले कचरे का जिक्र करते हुए पत्रकारों के लिए अत्यंत आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया। उसने पत्रकारों की तुलना अनुचित शब्दों से करते हुए सार्वजनिक मंच पर संपूर्ण पत्रकार जगत के सम्मान को ठेस पहुंचाई।

पत्रकारों का कहना है कि हाल ही में प्रशासन और पुलिस द्वारा प्रतिबंधित स्थलों व धार्मिक क्षेत्रों में अनधिकृत रूप से वीडियो बनाने वालों पर कार्रवाई की गई थी। इसके जवाब में सोशल मीडिया के जरिए पत्रकारों की सामाजिक छवि को धूमिल करने और वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्रकारों ने आरोपी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के साथ उसकी सोशल मीडिया आईडी को प्रतिबंधित कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User