पांच माह की नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Monday, July 6, 2026 - 19:08
Updated: 2 months ago
0
पांच माह की नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

बेनीगंज (हरदोई)।कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज अंतर्गत भैंनगांव में रविवार की रात को एक नवविवाहिता ने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्राप्त समाचार के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी देते हुए बताया कि 

भैनगांव निवासिनी प्रियंका (20) पत्नी अनिल प्रजापति का शव घर के कमरे में छल्ले से बंधी साड़ी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

बताया गया कि प्रियंका का मायका अतरौली थाना क्षेत्र के सिटकाना गांव में है। उसकी शादी करीब पांच माह पूर्व भैंनगांव निवासी अनिल प्रजापति से हुई थी। अनिल हरियाणा की एक निजी कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। करीब डेढ़ माह पहले वह पत्नी को अपने साथ हरियाणा ले गया था। कुछ समय बाद प्रियंका वापस गांव आ गई थी, जबकि अनिल दोबारा हरियाणा चला गया था।मृतका के परिजनों का आरोप है कि 3 जून को उसकी बहन माधुरी की गोद भराई का कार्यक्रम था, लेकिन प्रियंका को मायके नहीं भेजा गया। इसी बीच उसकी मौत की सूचना मिलने से मायके पक्ष में शोक और आक्रोश व्याप्त हो गया।मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।घटना की सूचना पर बेनीगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फोरेंसिक टीम ने भी आवश्यक नमूने लिए।

नवविवाहिता की असमय मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User