पश्चिम एशिया तनाव का असर: हिमाचल में गैस सिलिंडर बुकिंग के नियम बदले, अब 25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग

Mar 8, 2026 - 11:22
 0  297
पश्चिम एशिया तनाव का असर: हिमाचल में गैस सिलिंडर बुकिंग के नियम बदले, अब 25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग

शिमला (आरएनआई)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। इसी के चलते हिमाचल प्रदेश में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। तेल कंपनियों ने गैस वितरकों को नए निर्देश जारी करते हुए सिलिंडर की बुकिंग को लेकर नई समय सीमा लागू कर दी है।

नए नियमों के तहत अब उपभोक्ता सिलिंडर की डिलिवरी मिलने के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग कर सकेंगे। पहले उपभोक्ता सिलिंडर की डिलिवरी के तुरंत बाद ही नई बुकिंग कर सकते थे, लेकिन अब इस व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया है। तेल कंपनियों के निर्देशों के अनुसार गैस वितरकों को डिलिवरी की तारीख के आधार पर ही अगली बुकिंग की अनुमति देनी होगी। यदि कोई उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने से पहले ऑनलाइन या फोन के माध्यम से बुकिंग करने की कोशिश करेगा तो सिस्टम उस बुकिंग को स्वीकार नहीं करेगा।

प्रदेश में यह नई व्यवस्था शनिवार से लागू कर दी गई है। कंपनियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, ऐसे में घरेलू गैस की उपलब्धता को संतुलित रखने और जरूरत के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। हालांकि कंपनियों ने यह भी संकेत दिया है कि यह व्यवस्था अस्थायी हो सकती है और आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है।

इस बीच हिमाचल प्रदेश में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। 60 रुपये की वृद्धि के बाद अब सिलिंडर की कीमत 957 रुपये हो गई है। वहीं शिमला समेत अन्य क्षेत्रों में होम डिलिवरी के साथ उपभोक्ताओं को करीब 1015 रुपये तक भुगतान करना पड़ रहा है। राजधानी शिमला में डिलिवरी चार्ज 57.75 रुपये तय किया गया है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को 31 रुपये की सब्सिडी उनके बैंक खातों में वापस मिलेगी।

वहीं व्यावसायिक गैस सिलिंडर भी महंगा हो गया है। 114 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2075 रुपये तक पहुंच गई है। ऐसे समय में जब प्रदेश में शादियों का सीजन शुरू हो चुका है, कॉमर्शियल सिलिंडरों की मांग भी तेजी से बढ़ने की संभावना है। ऐसे में बुकिंग पर लगी समय सीमा के कारण आयोजनों के दौरान गैस आपूर्ति को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.